फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऑनलाइन ऑर्डर में बड़ी गड़बड़ी : स्कूल बैग की जगह निकली पुरानी टी-शर्ट

Mon, 20 Apr 2026 11:35 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
डिजिटल खरीदारी पर फिर उठे सवाल, ग्राहक ने कंपनी पर जताई नाराजगी
विज्ञापन

बच्चे के लिए मंगवाया था बैग, निकला इस्तेमाल किया हुआ सामान
कस्टमर केयर से शिकायत, लेकिन तुरंत नहीं मिला समाधान

संवाद न्यूज एजेंसी

भराड़ी (बिलासपुर)। डिजिटल युग में जहां ऑनलाइन शॉपिंग लोगों की पहली पसंद बनती जा रही है, वहीं इससे जुड़े धोखाधड़ी और लापरवाही के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला दधोल क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने ऑनलाइन स्कूल बैग मंगवाया, लेकिन डिलीवरी के बाद जब उसने पार्सल खोला तो अंदर से बैग की जगह एक पुरानी इस्तेमाल की हुई टी-शर्ट निकली।
दधोल कस्बे के राजेश कुमार ने अपने बच्चे के लिए एक नामी ऑनलाइन कंपनी से स्कूल बैग ऑर्डर किया था। उत्पाद की तस्वीर, कीमत और कंपनी की विश्वसनीयता को देखते हुए उन्होंने बिना किसी संदेह के खरीदारी की थी। कुछ दिनों बाद जब डिलीवरी बॉय पार्सल लेकर पहुंचा तो उन्होंने उसे रिसीव किया, लेकिन जैसे ही पैकेट खोला, वे पूरी तरह दंग रह गए। पार्सल के अंदर एक पुरानी और इस्तेमाल की हुई टी-शर्ट निकली। घटना के बाद राजेश ने तुरंत कंपनी के कस्टमर केयर में शिकायत दर्ज करवाई। शुरुआत में उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कंपनी की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने कई बार कॉल, ईमेल और एप के जरिए शिकायत दोहराई। काफी प्रयासों के बाद आखिरकार कंपनी ने मामले को संज्ञान में लिया और उत्पाद को बदलने का आश्वासन दिया। साथ ही पुराने पार्सल को वापस करने की प्रक्रिया भी पूरी करनी पड़ी। पीड़ित का कहना है कि इस पूरी प्रक्रिया ने उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर दिया। उनका कहना है कि एक भरोसेमंद ऑनलाइन कंपनी से ऐसी लापरवाही की उम्मीद नहीं की जा सकती। यह न केवल ग्राहक के विश्वास को ठेस पहुंचाता है, बल्कि ऑनलाइन शॉपिंग की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े करता है। इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या नामी ऑनलाइन कंपनियों के पार्सल पूरी तरह सुरक्षित हैं। ऐसे मामले पहले भी कई ग्राहकों के साथ हो चुके हैं, जिनमें वे ठगी का शिकार बने हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे मामलों में वेयरहाउस स्तर पर गड़बड़ी, डिलीवरी चैन में लापरवाही या किसी स्तर पर जानबूझकर की गई धोखाधड़ी शामिल हो सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि ग्राहकों को पार्सल लेते समय उसकी पैकेजिंग को ध्यान से जांचना चाहिए और संभव हो तो डिलीवरी के समय ही वीडियो रिकॉर्डिंग करनी चाहिए। इससे भविष्य में शिकायत दर्ज कराने में मदद मिलती है। साथ ही ग्राहकों को केवल विश्वसनीय प्लेटफॉर्म से ही खरीदारी करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत रिपोर्ट करने की सलाह दी गई है। पीड़ित राजेश कुमार ने कहा कि कंपनियों को अपने लॉजिस्टिक्स सिस्टम को और मजबूत बनाना चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके और ग्राहकों का भरोसा कायम रह सके।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें