बरठीं-सुन्हाणी सडक़ पर नालियां नहीं होने से हुआ जलभराव
बारिश के बावजूद कम नहीं हुई श्रद्धालुओं की आस्था
प्रदेश सहित बाहरी राज्यों से भी पहुंचे श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। उत्तर भारत की प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी में रविवार को चौथे गुप्त नवरात्र के अवसर पर करीब 80 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में पहुंचकर दर्शन किए और मनौती मांगी। सुबह हुई तेज बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कमी नहीं दिखी। प्रदेश सहित बाहरी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शनों के लिए पहुंचे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के कपाट सुबह 4 बजे खोल दिए गए थे। सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतारें लगना शुरू हो गई। सुबह के समय तेज बारिश होती रही, लेकिन श्रद्धालु कतारों में खड़े रहे और माता के दर्शनों के लिए इंतजार करते रहे। पूरा दिन श्रद्धालुओं का आवागमन होता रहा। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार और माता के दर्शन किए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने हवन कुंड में आहुतियां डालीं और परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। हालांकि दिन में भी हल्की बारिश हुई। सुरक्षाकर्मियों को भी अधिक मशक्कत करनी पड़ी। प्रदेश के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों से श्रद्धालु माता के दरबार पहुंचे। दर्शनों के बाद श्रद्धालुओं ने लंगर का भी प्रसाद ग्रहण किया।