14 जुलाई को महाविद्यालय परिसर में होगी काउंसलिंग की प्रक्रिया
15 से 16 जुलाई तक करानी होगी ऑनलाइन फीस जमा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में पीजीडीसीए (पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन) कोर्स में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक विद्यार्थी 10 जुलाई तक महाविद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. पीएस कटवाल ने बताया कि पीजीडीसीए कोर्स में सीटों की संख्या 40 हैं। इस कोर्स हेतु एडमिशन कमेटी गठित कर दी गई है। इस कोर्स में दाखिला मेरिट के आधार पर दिया जाएगा। कोर्स की काउंसलिंग 14 जुलाई को महाविद्यालय परिसर में होगी। काउंसलिंग में आवेदक का आना अनिवार्य है जो आवेदक काउंसलिंग में नहीं आएगा वह एडमिशन प्रक्रिया से बाहर हो जाएगा। काउंसलिंग के दिन अभ्यर्थी अपने पूरे एडमिशन फॉर्म की हार्ड कॉपी, अपने सभी मूल दस्तावेज और उनकी एक-एक फोटो साथ लाएं। अभ्यर्थी जिस भी कैटेगरी से संबंधित हैं उससे संबंधित दस्तावेज को भी साथ लेकर आएं। काउंसलिंग में चयनित हुए अभ्यर्थियों को 15 से 16 जुलाई तक फीस जमा करानी होगी। उन्होंने बताया कि यह एक साल (दो सेमेस्टर) का डिप्लोमा कोर्स है। इसमें किसी भी विषय में स्नातक करने वाला विद्यार्थी दाखिला ले सकता है। यह कोर्स उन विद्यार्थियों के लिए बहुत उपयुक्त है जो कंप्यूटर के क्षेत्र में अपना कॅरिअर बनाना चाहते हैं। यह कोर्स विद्यार्थियों को वेब डेवलपर, वेब डिजाइनर, कंप्यूटर भाषा प्रोग्रामर, कंप्यूटर प्रोग्रामर, सॉफ्टवेयर डेवलपर, एथिकल हैकर जैसी विभिन्न प्रकार की नौकरियां प्राप्त करने में सहायक होता है। यदि किसी को दाखिले से संबंधित अतिरिक्त जानकारी चाहिए तो वह महाविद्यालय की वेबसाइट पर दिए हुए संबंधित कमेटी के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।