-ग्रामीण क्षेत्रों की अंदरूनी पंचायतों में बस सेवाएं शुरू करने के लिए विभाग करे सर्वे
-मंत्री बोले, जनता की मूलभूत समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला स्तरीय जन शिकायत निवारण समिति की बचत भवन बिलासपुर में मंत्री राजेश धर्माणी की अध्यक्षता में बैठक हुई। पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा सहित समिति के सभी सरकारी व गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में जिले की विभिन्न पंचायतों और क्षेत्रों से संबंधित जन समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि लोग सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ सही समय पर प्राप्त कर सकें। ग्रामीण क्षेत्रों में बस सेवा शुरू करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इस पर मंत्री ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए कि बिलासपुर जिले की अंदरूनी पंचायतों में बस सेवाओं की उपलब्धता को लेकर सर्वेक्षण किया जाए। जहां यात्रियों की संख्या पर्याप्त हो, वहां नई बस सेवाएं शुरू करने के प्रस्ताव पर कार्य किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर परिवहन कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष परियोजना तैयार करें। बैठक में सदस्य रणवीर सिंह चंदेल ने बैहना जटा क्षेत्र में फोरलेन निर्माण के दौरान लोगों की सुविधा हेतु वर्षा शालिका और फोरलेन के दोनों ओर फुटपाथ बनाने का मुद्दा भी उठाया गया।
सदस्य रछपाल सिंह ने बिलासपुर शहर के सेक्टर 8 और 9 में पानी की कमी, बरसात के दिनों में गोबिंद सागर झील से दूषित जल आपूर्ति की समस्या को प्रमुखता से रखा। फोरलेन निर्माण के कारण परिवहन मार्ग में बदलाव से बिलासपुर शहर के अंदर बसों का संचालन बाधित होने की समस्या पर भी चर्चा की गई। मंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की मूलभूत समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को छोटी-छोटी आवश्यकताओं के लिए भटकना न पड़े। उन्होंने अधिकारियों को सक्रिय होकर कार्य करने और जनता से सीधे संवाद कर समस्याओं के प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। बैठक के अंत में उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें और समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।