बिलासपुर। पंचायतीराज चुनाव में चुनकर आए पंचायत प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह सदर और स्वारघाट खंड में 28 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। वहीं झंडूता और घुमारवीं में अभी इसके लिए दिन तय नहीं किया गया है। जिला परिषद के लिए 27 को शपथ समारोह रखा गया है। वहीं एक फरवरी को जिला के पंचायत घरों में पहली बैठक का आयोजन किया जाएगा।
वीडियो सदर भाग सिंह ठाकुर ने बताया कि ग्राम पंचायत चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद प्रशासन ने आगामी प्रक्रिया शुरू कर दी है। 28 जनवरी को बिलासुपर सदर ब्लॉक में सभी नवनिर्वाचित प्रधानों, उपप्रधानों को शपथ दिलाई जाएगी। पहली बैठक के दौरान ही वार्ड सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी। सदर खंड की 49 ग्राम पंचायतों के प्रधानों, उपप्रधानों के लिए शपथ ग्रहण समारोह 28 जनवरी को रखा गया है।
बताते चलें कि पंचायतीराज चुनाव तीन चरणों में हुए। 17, 19 और 21 जनवरी को मतदान हुआ।
इस बार बिलासपुर में पुनर्गठन के बाद 176 ग्राम पंचायतों के चुनाव हुए। पहले जिला में 149 ग्राम पंचायतें थीं।
जिला परिषद सदस्यों को 27 को दिलाई जाएगी शपथ
डीपीओ बिलासपुर शशि बाला ने बताया कि जिला परिषद के 14 वार्डों के नवनिर्वाचित सदस्यों को 27 जनवरी को शपथ दिलाई जाएगी। सभी वीडियो को बता दिया गया है कि वे अपने-अपने ब्लॉक में एक फरवरी से पहले शपथ समारोह का कार्य पूरा कर लें। एक फरवरी को पंचायतों में पहली बैठक होगी।