प्रधानाचार्य को सौंपा ज्ञापन, छात्रों की सुरक्षा और सुविधा का दिया हवाला
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर कॉलेज में पार्किंग और ड्रेनेज व्यवस्था की समस्याओं को लेकर बुधवार को एनएसयूआई इकाई ने प्रधानाचार्य को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने कहा कि दोनों समस्याओं के कारण विद्यार्थियों को रोजाना परेशानी के साथ सुरक्षा संबंधी जोखिम का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शीघ्र समाधान की मांग की है।
एनएसयूआई प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कॉलेज परिसर की पार्किंग लंबे समय से बंद होने के कारण छात्र-छात्राओं को अपने दोपहिया वाहन सड़क किनारे खड़े करने पड़ रहे हैं। इससे यातायात प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। साथ ही विद्यार्थियों को वाहनों की सुरक्षा की चिंता भी बनी रहती है।
संगठन ने बताया कि कॉलेज के समीप ड्रेनेज व्यवस्था भी बदहाल है। नालियां और ड्रेनेज पाइप क्षतिग्रस्त होने तथा कई स्थानों पर बंद होने से पानी लगातार सड़क पर बह रहा है। इससे सड़क की सतह कमजोर हो गई है और फिसलन के साथ पत्थर बिखरने की समस्या पैदा हो गई है। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति खतरनाक बनी हुई है। प्रधानाचार्य ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि दोनों समस्याओं का संज्ञान लेकर संबंधित विभागों से आवश्यक कार्रवाई करवाई जाएगी और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।