- नप अध्यक्ष कमल गौतम के आरोप पर कांग्रेस का पलटवार
-बोले-पूर्व अध्यक्ष ने आधे कार्यकाल में कराए करोड़ों के काम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर नगर परिषद में फेरबदल होने से साथ ही अब सत्ता पक्ष और विपक्ष में आरोपों का सिलसिला जारी हो गया है। एक तरफ जहां भाजपा समर्थित पार्षद कमल गौतम ने गत शनिवार को बिलासपुर नगर परिषद अध्यक्ष की कुर्सी संभालने के बाद आरोप लगाया था कि पूर्व अध्यक्ष ने अपने कार्यकाल में शहर के लिए कोई काम नहीं किया। वहीं अब कांग्रेस समर्थित पूर्व पार्षदों ने अध्यक्ष के आरोपों को गलत बताया है।
पूर्व पार्षदों आदित्य, शशिबाला, नंदलाल, निर्मल, दीपक इत्यादि ने कहा कि कमल गौतम अपनी आंखों से काला चश्मा उतार कर देखें तो उन्हें पूरे शहर में विकास नजर आएगा। कहा कि पूर्व अध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप ने अपने आधे कार्यकाल में जितना विकास किया वह नगर परिषद के आज तक के इतिहास में अभूतपूर्व है। यह पहला मौका है जब इतने कम समय में हर बार में कम से कम 20 लाख से अधिक के कार्य हो चुके हैं। पूरे शहर में लगभग छह करोड़ से अधिक के कार्य प्रगति पर हैं। लावारिस पशुओं विशेषकर लावारिस कुत्तों के लिए नर्सरी के पास भवन बन चुका है। गुरुद्वारा चौक की पार्किंग का कार्य 10 साल बाद दोबारा शुरू कराया गया है। सीएलसी का बहुमंजिला भवन बनकर तैयार है। शहर की सभी गलियों और पार्किंग को चरणबद्ध तरीके से टायलयुक्त करने की योजना की प्रस्तावना, पार्कों की दशा सुधारना और कई साल पुराने शौचालयों की जगह नए शौचालय बनाने पर कार्य करना के अलावा पूरे हिमाचल में बिलासपुर शहर के लिए सबसे अधिक घर स्वीकृत करवाने की योजना पर धरातल पर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि एक समय था जब 1 लाख का कार्य करवाने के लिए भी कार्यकारी अधिकारी मंजूरी नहीं देते थे और एक यह समय है जब कश्यप ने अपने आधे कार्यकाल में करोड़ों की योजनाओं को क्रियान्वित करने में अहम भूमिका निभाई है। पूर्व में 1500 करोड़ की बनाई गई पर्यटन परियोजना की भी प्रस्तावना उनके नेतृत्व में नगर परिषद से भेजी गई थी। उन्होंने कमल गौतम को सलाह दी कि वे अब महत्वपूर्ण पद पर विराजमान हैं। चाहिए कि वह कश्यप की वरिष्ठता व अनुभव का फायदा लेकर शहर के विकास को आगे बढ़ाएं। केंद्र सरकार से बीबीएमबी द्वारा यहां के विस्थापितों के छीने गए हकों को दिलाने में प्रयास करना चाहिए। केंद्र सरकार से विशेष शहर का दर्जा दिलाकर विशेष आर्थिक पैकेज लेने के लिए प्रयास करना चाहिए। इसके लिए पूर्व में बहुत से प्रस्ताव भेजे गए हैं।