नगर परिषद की नवनियुक्त अध्यक्ष,उपाध्यक्ष ने ली पद और गोपनीयता की शपथ
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। विश्व विख्यात शक्ति पीठ श्री नयना देवी जी में नगर परिषद की नवनियुक्त अध्यक्ष दिशा शर्मा और उपाध्यक्ष भरत गौतम ने शपथ ली। एसडीएम श्री नयना देवी जी धर्मपाल चौधरी ने नवनियुक्त अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
नगर परिषद अध्यक्ष दिशा शर्मा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि श्री नयनादेवी जी में रुके हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। अपने सभी पार्षदों के साथ मिलकर सभी के साथ कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। स्थानीय लोगों के हित में कार्य किए जाएंगे। कहा कि श्री नयनादेवी जी एक विश्व विख्यात धार्मिक स्थल है। स्वच्छता और पर्यावरण की दृष्टि से सुंदर रूप दिया जाएगा। यहां पर बाहर से लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। उन्हें बेहतर सुविधाएं देने के लिए कार्य किया जाएगा। लोगों ने जो कार्यभार सौंपा है उसपर खरा उतरने का प्रयास करूंगी। इस मौके मंदिर न्यास ट्रस्ट के सदस्य प्रदीप शर्मा, कैलाश कुमार, महेश कुमार, राजेश कुमार कुमार, मनोनीत पार्षद हरीश शर्मा, रमन शर्मा, पुजारी वर्ग से चंडी कुमार, सुमित गोतम, ब्रजेश गौतम शुभम गौतम इत्यादि उपस्थित रहे।