तीन नंबर के लिए
अंतिम दिन जिला परिषद के लिए 48 और पंचायत समितियों के लिए 194 नामांकन
प्रधान के लिए 871, उप प्रधान के लिए 963 ने किया नामांकन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार को पूरी हो गई। तीन दिनों तक चली प्रक्रिया में जिला परिषद, पंचायत समिति, प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए कुल 4727 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। अंतिम दिन नामांकन केंद्रों पर सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि जिले की 14 जिला परिषद वार्डों के लिए कुल 88 उम्मीदवारों ने नामांकन भरे हैं। वहीं चार पंचायत समितियों के लिए 435 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे हैं। इनमें सदर पंचायत समिति से 112, घुमारवीं से 163, झंडूता से 105 तथा श्री नयना देवी जी पंचायत समिति से 55 उम्मीदवार शामिल हैं। इसके अलावा जिले की 182 ग्राम पंचायतों में प्रधान, उप प्रधान और पंचायत सदस्य पदों के लिए कुल 4204 नामांकन दाखिल किए गए हैं। इनमें प्रधान पद के लिए 871, उप प्रधान पद के लिए 963 तथा पंचायत सदस्य पद के लिए 2370 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए हैं।
अंतिम दिन जिला परिषद के विभिन्न वार्डों के लिए 48 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए, जबकि पंचायत समितियों के लिए 194 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे। पंचायत समिति स्तर पर घुमारवीं में 64, झंडूता में 43, श्री नैना देवी जी में 33 तथा सदर में 54 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। वहीं ग्राम पंचायतों में अंतिम दिन कुल 1744 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए। सदर विकास खंड में प्रधान पद के लिए 110, उप प्रधान के लिए 164 तथा वार्ड सदस्य के लिए 333 नामांकन हुए। घुमारवीं विकास खंड में प्रधान के लिए 96, उप प्रधान के लिए 140 तथा वार्ड सदस्य के लिए 282 उम्मीदवार मैदान में उतरे। झंडूता विकास खंड में प्रधान पद के लिए 90, उप प्रधान के लिए 81 और वार्ड सदस्य के लिए 204 उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए। श्री नयना देवी जी विकास खंड में प्रधान के लिए 49, उप प्रधान के लिए 66 तथा वार्ड सदस्य के लिए 129 नामांकन पत्र भरे गए।
उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को सुबह 10 बजे से संबंधित कार्यालयों में की जाएगी। उम्मीदवार 14 और 15 मई को दोपहर 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ग्राम पंचायतों में 26, 28 और 30 मई को मतदान होगा। ग्राम पंचायतों की मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद संबंधित पंचायतों में की जाएगी, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों की मतगणना 31 मई को निर्धारित केंद्रों पर होगी।
बिलासपुर में जिला परिषद के लिए नामांकन करते उम्मीदवार अशोक कुमार। स्रोत: जागरूक पाठक