महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को हो रही परेशानी, लंबे समय से सार्वजनिक शौचालय की दरकार
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं (बिलासपुर)। प्रमुख व्यापारिक कस्बे बरठीं के बाजार में सार्वजनिक शौचालय की सुविधा नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और अन्य जरूरी कामों के लिए पहुंचते हैं, लेकिन बुनियादी सुविधा के अभाव में खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। वहीं, बड़गांव चौक में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कार्य धीमा होने के कारण लोगों को इसके पूरा होने का इंतजार है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बरठीं बाजार में लंबे समय से सार्वजनिक शौचालय की जरूरत महसूस की जा रही है। प्रमुख व्यापारिक केंद्र होने के कारण यहां इस सुविधा की व्यवस्था होना जरूरी है। लोगों की मांग है कि बाजार में जल्द शौचालय बनाया जाए, ताकि खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को परेशानी न हो। उधर, बड़गांव चौक में निर्माणाधीन सार्वजनिक शौचालय का काम पूरा होने का इंतजार है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य जल्द पूरा कर सुविधा को जनता के इस्तेमाल के लिए खोला जाना चाहिए। सार्वजनिक शौचालयों की उपलब्धता से स्वच्छता बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
एक महीने में पूरा होगा निर्माण कार्य
ग्राम पंचायत बरठीं के सचिव राजेंद्र ने बताया कि बड़गांव चौक में बन रहे सार्वजनिक शौचालय का काम अंतिम चरण में है। एक महीने के भीतर निर्माण कार्य पूरा करवाकर इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।