बिलासपुर सरकारी कार्यालय में नो मास्क नो सर्विस की अवहेलना करते कर्मी।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। जिले में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए नो मास्क-नो सर्विस लागू कर दी गई है। लेकिन सरकारी कार्यालयों में ही इसकी धज्जियां उड़ रही हैं। वहीं जिले में कोरोना के मामलों में प्रतिदिन वृद्धि हो रही है। लोगों अभी भी लापरवाही बरत रहे हैं। बस स्टैंड और बाजारों में लोग बिना मास्क पहनने घूम रहे हैं। अस्पताल में भी कोरोना नियमों की अनुपालना नहीं की जा रही है।
जिला दंडाधिकारी ने नो मास्क-नो सर्विस व्यवस्था लागू की है। सरकारी और निजी परिवहन रेल, बस टैक्सी, अस्पताल, मंदिर, लंगर हॉल, स्कूल-कॉलेज, सरकारी व निजी कार्यालय, दुकानों आदि में बिना मास्क कोई भी सेवा उपलब्ध नहीं करवाई जाएगी। इसके बाद भी सरकारी कार्यालयों में कर्मचारी व लोग बिना मास्क कार्य कर रहे हैं। प्रशासन की नो मास्क-नो सर्विस व्यवस्था की धज्जियां उड़ रही हैं। लोग बिना मास्क सार्वजनिक स्थ्लों पर घूमते देखे जा सकते हैं। बस अड्डा बिलासपुर और बाजार में भी लोग बिना मास्क पहने दिखे। इसके कारण कोरोना संक्रमण का खतरा और बढ़ गया है। जिला अस्पताल और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी सोशल डिस्टेंसिंग की अनुपालना नहीं की जा रही है।