शाहतलाई (बिलासपुर)। तलाई पुलिस थाना के अंतर्गत ग्राम पंचायत सनीहरा के गांव भेड़ी की विवाहिता मधू की पठानकोट में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने बुधवार को पुलिस थाना तलाई में पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने और शव का दोबारा पोस्टमार्टम करवाने की मांग की। मायके पक्ष के लोग बुधवार को दिनभर पुलिस थाना तलाई के बाहर बैठे रहे।
ग्राम पंचायत कोठी (घुमारवीं) के गांव पन्याला की मधु की तीन साल पहले ग्राम पंचायत सनीहरा के गांव भेड़ी निवासी किशोरी लाल से शादी हुई थी। किशोरी लाल सेना में है और पठानकोट में तैनात था। कुछ माह पहले ही मधु उसके साथ पठानकोट गई थी। सोमवार को मधु की मौत का समाचार मिलने पर मां ने संदेह व्यक्त किया कि उसकी बेटी की हत्या हुई है। बुधवार को मधु की माता माया देवी व लगभग 3 दर्जन महिलाएं पुलिस थाना तलाई के बाहर बैठ गईं। उन्होंने तलाई पुलिस से मांग की कि किशोरी लाल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए। शव का दोबारा पोस्टमार्टम करवाया जाए।
मृतका का डेढ़ वर्षीय एक बेटा है। उधर, घुमारवीं के डीएसपी अनिल ठाकुर ने बताया कि तलाई पुलिस थाना में कुछ महिलाएं आई थीं। उन्होंने हत्या का मामला दर्ज करने और शव का दोबारा पोस्टमार्टम करवाने की मांग की है। पठानकोट में पहले ही मामला दर्ज हो चुका है।