जुलाई को चुने जाएंगे अध्यक्ष और उपाध्यक्ष
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश (बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऋषिकेश में हिमाचल प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत स्कूल प्रबंधन समिति के गठन की प्रक्रिया संपन्न हुई। यह प्रक्रिया विद्यालय के प्रधानाचार्य निर्मल सिंह चंदेल की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें अभिभावकों और समुदाय के प्रतिनिधियों की सहभागिता रही।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान नीलम कुमारी, नीता, बिंदु कुमारी, श्याम लाल, बेला सिंह, चमन लाल, संगीता देवी, श्याम सिंह, अछरी देवी, मनीष, रेखा, चमन, ग्राम पंचायत डमली से सुरेखा देवी और शिक्षाविद अनंत राम को समिति का सदस्य चुना गया। नवगठित समिति की पहली बैठक 1 जुलाई 2026 को आयोजित होगी, जिसमें अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चयन किया जाएगा। बैठक के दौरान विद्यालय के विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और सामुदायिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत डमली के नवनिर्वाचित प्रधान गुरमीत सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने नवनिर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन समिति विद्यालय और समुदाय के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है। साथ ही क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी पर चिंता जताते हुए अभिभावकों से बच्चों पर विशेष ध्यान देने और नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने की अपील की। प्रधानाचार्य निर्मल सिंह चंदेल ने कहा कि नई समिति विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए विद्यालय हित में मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में स्कूल प्रबंधन समिति के पूर्व प्रधान विजय चंदेल ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों और उपलब्धियों का उल्लेख किया।