कुठेड़ा में हैंडबाल खिलाड़ियों का स्वागत करते लोग। संवाद
हैंडबाल ट्रॉफी में रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम में हैं नेहा
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। कुठेड़ा पंचायत की उभरती हैंडबाल खिलाड़ी नेहा चौहान ने हैंडबाल प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नेहा के गांव लौटते ही पंचायत के लोगों ने ढोल-नगाड़ों, फूल मालाओं और आतिशबाजी के बीच भव्य स्वागत किया।
गांव में प्रवेश करते ही महिलाओं ने पारंपरिक गीतों से नेहा का अभिनंदन किया। पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों ने शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि नेहा ने कठिन परिश्रम और अनुशासन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी। सीमित संसाधनों के बीच नेहा बचपन से ही प्रशिक्षण लेती रहीं और जिला, राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं को पार करते हुए राष्ट्रीय मंच पर चमकीं। प्रशिक्षकों ने उम्मीद जताई कि नेहा भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का परचम लहरा सकती हैं। स्वागत के दौरान भावुक नेहा ने कहा कि उनकी सफलता में माता-पिता, कोच, स्कूल और पंचायत का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि लोगों का प्यार ही उनकी असली ताकत है। पंचायत ने घोषणा की है कि आगे भी प्रतिभाशाली युवाओं को बढ़ावा दिया जाएगा और क्षेत्र में खेल सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा। इस मौके पर नेहा की कोच स्नेह लता विशेष तौर पर मौजूद रहीं। लोगों ने उन्हें भी सम्मानित किया।