- पंजाब, हिमाचल, हरियाणा सहित कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु
- तीन नवरात्र में 30 लाख रुपये नकद चढ़ावा हुआ प्राप्त
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। शक्तिपीठ श्री नयनादेवी जी में शारदीय नवरात्र के चलते भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। रविवार को चौथे नवरात्र पर करीब 47,000 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली सहित अन्य राज्यों से श्रद्धालु मां के दरबार पहुंचे। मंदिर के कपाट रात 2:00 बजे खोल दिए गए थे। दोपहर तक श्रद्धालुओं की लाइन सेक्टर नंबर-5 तक जा पहुंची। सुरक्षा कर्मियों ने श्रद्धालुओं को छोटे-छोटे जत्थों में दर्शन करने के लिए भेजा। श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में जहां पर पूजा-अर्चना की वहीं घर की सुख-शांति के लिए हवन-यज्ञ भी किया। सामाजिक संस्थाओं की ओर माता जी के दरबार में सदाव्रत लंगर का आयोजन किया जा रहा है। इसमें व्रत रखने वाले श्रद्धालु भी भोजन कर रहे हैं। मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं से कडाह प्रसाद और नारियल आदि मुख्य द्वार पर लिए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं के वाहन घंवाडल में रोके जा रहे हैं। वहां से श्रद्धालु पैदल मां के दरबार तक पहुंच रहे हैं। उधर, मंदिर न्यास को शुरुआती तीन नवरात्र में 30,66,202 रुपये नकद, 32 ग्राम सोना, 4.568 किलोग्राम चांदी, दो यूएस डॉलर, 20 दिरहम, 160 ऑस्ट्रेलियन डॉलर, 140 कैनेडियन डॉलर चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुए हैं।