- परीक्षा के लिए बनाए गए थे छह केंद्र
- प्रदेश में पहले स्थान पर रहने वाले विद्यार्थी को मिलेंगे 31 हजार रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से जिले में रविवार को स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान परीक्षा का आयोजन किया गया। 300 विद्यार्थियों ने यह परीक्षा दी। परीक्षा के लिए छह केंद्र बनाए गए थे।
प्रत्येक स्कूलों में पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। परीक्षा में प्रदेश भर में प्रथम स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थी को 31,000 रुपये, दूसरे विद्यार्थी को 21,000 रुपये और तीसरे विद्यार्थी को 15,000 रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, सांत्वना पुरस्कार पांच रुपये दिया जाएगा। जिला स्तर पर प्रथम स्थान पर रहने वाले विद्यार्थी को 11,000, दूसरे विद्यार्थी को 7100 और तीसरे विद्यार्थी को 5100 रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा।
एक-एक हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार पांच विद्यार्थियों को दिए जाएंगे। इसके बाद स्कूल स्तर पर भी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश में स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता करवाई गई। विद्यार्थियों ने कहा कि पूरे साल बेसब्री से उन्हें स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का इंतजार रहता है। इस बार प्रतियोगिता में संस्कृत विषय से जुड़े प्रश्न भी पूछे गए थे। साथ ही भारत के गौरवमयी इतिहास से संबंधित और स्वतंत्रता संग्रामियों से संबंधित प्रश्न भी पूछे गए थे। प्रतियोगिता के जिला संयोजक शिवांश ने बताया कि विद्यार्थियों के लिए हर साल इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। इसके लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि दी जाती है। विद्यार्थी परिषद का प्रयास रहता है कि हर साल कुछ न कुछ नया इस परीक्षा में जोड़ा जाता है, ताकि भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए विद्यार्थियों की तैयारी अभी से तैयार हो सके। परीक्षा शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हुई।