मां नयना देवी जी के दरबार में माथा टेकने के लिए पहुंचे श्रद्धालु।
- फोटो : BILASPUR
श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। श्रावण अष्टमी मेलों के दूसरे दिन शक्तिपीठ नयनादेवी में मंगलवार शाम छह बजे तक 22036 श्रद्धालुओं ने माथा टेका। 72 घंटे पहले की रैपिड एंटीजन की निगेटिव रिपोर्ट और वैक्सीनेशन की दोनों डोज लेने वालों को ही मंदिर में जाने की इजाजत दी जा रही है। कोलांवाला टोबा नाके पर जांच और रैपिड टेस्ट किए जा रहे हैं। मंगलवार को 283 श्रद्धालुओं के कोरोना टेस्ट किए गए। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बाद ही उन्हें दर्शन करने के लिए जाने दिया गया। वहीं पंजाब सरकार ने चार जगह 6 बूथ स्थापित किए हैं, वहां पर श्रद्धालुओं के रैपिड एंटिजन टेस्ट किए जा रहे हैं।
मंदिर क्षेत्र को 9 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में मेला और पुलिस अधिकारी तैनात किए गए हैं। श्रद्धालुओं को बड़े आराम से लाइनों में दर्शनों के लिए भेजा जा रहा है। सुरक्षाकर्मियों द्वारा सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी श्रद्धालु बिना मास्क के न हो। मंदिर में श्रद्धालुओं की निकासी भी तेज करवाई गई है। श्रद्धालुओं को मंदिर में रुकने नहीं दिया जा रहा है। हिमाचल-पंजाब सीमा पर टोबा में अभी भी श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पंजाब के अधिकारियों द्वारा श्रद्धालुओं की कोरोना रिपोर्ट और प्रमाणपत्र देखे जा रहे हैं। इसके कारण वहां पर श्रद्धालुओं की भीड़ लग रही है। लंबी-लंबी लाइनों में लगकर श्रद्धालुओं को अपने प्रमाण पत्र चेक करवाने पड़ रहे हैं। श्रद्धालुओं ने मांग की है कि यहां पर ज्यादा काउंटर खोले जाएं।
मंदिर न्यास को श्रावण अष्टमी मेले के पहले दिन 13,30,407 नकदी, 71 ग्राम 620 मिली ग्राम सोना, 3 किलो 326 ग्राम 350 मिली ग्राम चांदी और कनाडा के 20 डॉलर चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुए। मंदिर न्यास अधिकारी विजय गौतम ने यह जानकारी दी। उधर, मेला अधिकारी सुभाष गौतम ने बताया कि सारे प्रबंध पुख्ता हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ख्याल रखा जा रहा है।