प्रश्नोत्तरी और बेबी शो में प्रतिभागियों ने दिखाया उत्साह
बेबी शो प्रतियोगिता में बेबी आरती रही प्रथम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राष्ट्रीय नवजात देखभाल सप्ताह के तहत क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में संप्रेषण गतिविधियों का व्यापक आयोजन किया गया। कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर के निर्देशन में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. निशांत की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
डॉ. निशांत ने नवजात के जन्म के प्रथम घंटे, पहले सप्ताह और 28वें दिन तक आवश्यक तापमान प्रबंधन व देखभाल के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शुरुआती दिनों में सही देखभाल नवजात के स्वास्थ्य की भविष्य की आधारशिला है। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और बेबी शो का आयोजन भी किया गया। केयर कॅम्पेनियन प्रोग्राम की ओर से डॉ. प्रवीण ने नवजात में दिखने वाले जोखिम लक्षणों के बारे में जानकारी देते हुए अभिभावकों को सतर्क रहने की सलाह दी। जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी गोपी चंद और स्वास्थ्य शिक्षक गोपाल दास ने गर्भावस्था के जोखिम, प्रसव योजना और नवजात देखभाल के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य पर्यवेक्षिकाएं नीना देवी, नीबा देवी, संतोष कुमारी, कांता, किरण तथा आशा कार्यकर्ता अंजना और नीलम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और गतिविधियों को सफल बनाने में सहयोग दिया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में रेखा देवी प्रथम, आशा कुमारी दूसरे, सरोज कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। बेबी शो प्रतियोगिता में बेबी आरती प्रथम, बेबी प्रियंका दूसरे, बेबी प्रियंका तीसरे स्थान पर रहीं। अस्पताल प्रबंधन ने विजेताओं को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और कहा कि इस तरह के कार्यक्रम आम जनता को नवजात स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में अहम भूमिका निभाते हैं।