घुमारवीं बस स्टैंड पर नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड बनाने के लिए निगम की तरफ से लगाया गया काउंटर ।
घुमारवीं बस स्टैंड पर बना काउंटर
कार्ड से कैशलेस और डिजिटल ट्रांजेक्शन को मिलेगा बढ़ावा
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। हिमाचल पथ परिवहन निगम ने यात्रियों की सहूलियत के लिए नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड की सुविधा शुरू कर दी है। घुमारवीं बस स्टैंड पर कार्ड बनवाने के लिए काउंटर लगाया गया है। यह कार्ड 100 रुपये में बनाया जा सकता है। इसकी वैधता 5 साल होगी।
इस कार्ड का उपयोग न केवल एचआरटीसी बसों में टिकट बुकिंग के लिए किया जा सकेगा, बल्कि शॉपिंग, मेट्रो यात्रा और रेलवे बुकिंग जैसी सेवाओं के लिए भी मान्य होगा। यह कार्ड एटीएम की तरह यूपीआई प्लेटफॉर्म से रिचार्ज किया जा सकता है। इसे परिवार का कोई भी सदस्य इस्तेमाल कर सकता है। कार्ड धारकों को हर बार उपयोग करने पर पॉइंट्स मिलेंगे, जिन्हें टिकट बुकिंग में छूट के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा। इससे नियमित यात्रियों को बड़ा लाभ होगा। यह कार्ड कैशलेस और डिजिटल ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देगा। यात्रियों को खुले पैसे की समस्या से निजात मिलेगी। इसे निगम की किसी भी बस और रूट पर इस्तेमाल किया जा सकता है।