घुमारवीं कॉलेज में दो दिवसीय इंटर-क्लास स्पोर्ट्स चैंपियनशिप शुरू
कबड्डी, वॉलीबाल, बास्केटबाल, हॉकी, बैडमिंटन सहित अन्य प्रतियोगिताएं होंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। स्वामी विवेकानंद राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में दो दिवसीय इंटर-क्लास स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में कॉलेज प्राचार्य प्रो. प्रीतम लाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
इस दौरान कबड्डी, वॉलीबाल, बास्केटबाल, हॉकी, बैडमिंटन, चेस, कुश्ती, जुड्डू, वुशु, बॉक्सिंग, शूटिंग खेल कराए जाएंगे। प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों ने बास्केटबाल, टेबल टेनिस और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
लड़कों के बास्केटबाल मुकाबलों में एयर जॉर्डन, करी क्रॉसओवर और लोसर की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैचों में जीत दर्ज की। पुरुष एकल वर्ग में टेबल टेनिस के फाइनल मुकाबले में नमन कुमार मेहता विजेता रहे, जबकि शुभम राठौर उपविजेता रहे। नमन ने फाइनल में शुभम को 11-7, 11-8 के स्कोर से मात दी। बैडमिंटन में रिधिम विजेता और वंश उपविजेता रहा।
इससे पहले मुख्यातिथि ने प्रतियोगिता के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, एकाग्रता, टीम वर्क, नेतृत्व क्षमता और निडर होकर जीने की कला का विकास करती हैं। उन्होंने कोविड काल के बाद से युवाओं में स्मार्टफोन की बढ़ती लत पर गहरी चिंता व्यक्त की। अत्यधिक मोबाइल उपयोग से विद्यार्थियों के शारीरिक विकास की गति धीमी हो गई है। उन्होंने कहा कि कानों में इयरफोन लगाकर घूमना कोई स्टाइल नहीं है, इससे निकलने वाली इलेक्ट्रॉनिक तरंगें हमारे शरीर को गंभीर नुकसान पहुंचाती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक खेलने के लिए प्रेरित करते हुए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रतियोगिता के आयोजन सचिव डॉ. सुनील सेन, स्पोर्ट्स कमेटी के सदस्य प्रो. रमेश चंद, प्रो. राकेश कुमार, प्रो. पूजा देवी, विभिन्न खेलों के सुपरविजन प्रभारी डॉ. कुलदीप बरवाल, प्रो. ललित कुमार, डॉ. लिपिका शर्मा, डॉ. अरुण कुमार, गौरव सिंह, एनसीसी अधिकारी दिवाकर ठाकुर आदि उपस्थित रहे।
घुमारवीं कॉलेज में आयोजित स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में दमखम दिखाते हुए खिलाड़ी। स्रोत: कॉलेज प्रबंध