नयना देवी विस क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय माध्यमिक पाठशाला धरोट और राजकीय माध्यमिक पाठशाला पलसेड़ को दो मंजिला नए भवन मिल गए। इससे यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। बीस सूत्रीय क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष रामलाल ठाकुर ने दोनों भवनों का उद्घाटन किया। दोनों भवनों का निर्माण पर करीब 44 लाख का खर्च आया है।
इसके बाद उन्होंने जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इन दोनों स्कूल भवनों के निर्माण से यहां अब विद्यार्थियों को जहां बैठने की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं वे अपनी पढ़ाई को भी सुचारु रूप से कर सकेंगे।
उन्होंने धरोट स्कूल भवन को भूमि दान देने के लिए केसर सिंह, सुरेंद्र पाल, रविंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह और पलसेड़ स्कूल भवन के लिए 4 बिस्वा भूमि दान करने के लिए दीपक पोसवाल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वह इन लोगों से सीख लेकर क्षेत्र के विकास के लिए परस्पर सहयोग और एकजुटता से काम करें। उन्होंने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला स्वारघाट, नांगे ठाकुर और मजारी के अतिरिक्त भवनों के निर्माण पर इस वर्ष 1 करोड़ 22 लाख की राशि खर्च की जा रही हैं।
राम लाल ठाकुर ने कहा कि हाई स्कूल लखणूं को मुख्यमंत्री ने स्तरोन्नत करने के आदेश दिए हैं और आगामी शैक्षणिक सत्र से यह वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के रूप में कार्य करना आरंभ कर देगा।
झिड़ियां को हाई स्कूल और दबट को भी सीएम ने स्तरोन्नत करने के आदेश दिए हैं। इस स्कूल को भी आगामी शैक्षणिक सत्र से बढ़े हुए दर्जे के रूप में कार्य करना शुरू कर देंगे।
उन्होंने राजकीय माध्यमिक पाठशाला धरोट और पलसेड़ में अध्यापकों के खाली पदों को भरने का भी आश्वासन दिया। इस मौके पर उन्होंने एसडीओ (विद्युत) को भी निर्देश दिए कि वह एक सप्ताह के भीतर पलसेड़ पंप हाउस की आवश्यक मरम्मत और सुधारीकरण करवाकर लोगों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करें।
दबट मध्यम उठाऊ सिंचाई योजना के सुधारीकरण के लिए सरकार को 27 करोड़ रुपए का प्राक्कलन तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजा गया है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वह लैहड़ी-कालाकुंड सड़क के लिए गिफ्ट डीड विभाग के नाम करें ताकि इसकी डीपीआर तैयार कर सड़क के रुके कार्य को शुरू किया जा सके। उन्होंने तहसीलदार स्वारघाट को दो दिन के भीतर लोगों के सड़क निर्माण से संबंधित भूमि के कागजात तैयार करने के निर्देश दिए।