व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए नए शुल्क तय, घरों पर कोई अतिरिक्त बोझ नहीं
शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्रीकरण को प्रभावी बनाने के लिए शुरू की नई दरें
बड़े और छोटे होटल, रेस्टोरेंट व फल-सब्जी विक्रेताओं पर ही होंगी लागू
डिजिटल बिलिंग से घर बैठे ही भुगतान संभव होगा,ऑनलाइन जुड़ेगा विलंब शुल्क
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं ने शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्रीकरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए शुल्क में संशोधन किया है। नई दरें इसी माह से लागू कर दी गई हैं। साफ किया है कि यह संशोधन केवल होटल, रेस्टोरेंट तथा फल और सब्जी विक्रेताओं पर लागू होगा।
सामान्य घरेलू उपभोक्ताओं पर किसी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं डाला गया है। वर्तमान में सामान्य घरों से 50 रुपये प्रति माह और 2,000 स्क्वायर फीट से बड़े भवनों से 100 रुपये मासिक शुल्क पहले की तरह ही लिया जाएगा। नप ने कहा कि शहर में कचरे की मात्रा और उसके निष्पादन में बढ़ती चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए व्यावसायिक श्रेणियों में शुल्क संशोधन आवश्यक था। नए शुल्क से कचरा प्रबंधन मजबूत होगा और परिषद की आर्थिक स्थिति भी सुधरेगी। बड़े होटल और रेस्टोरेंट से 1,000 रुपये प्रति माह, छोटे होटल और रेस्टोरेंट से 200 रुपये, बड़ी फल और सब्जी की दुकानों से 500 रुपये तथा छोटे विक्रेताओं से 200 रुपये प्रति माह शुल्क लिया जाएगा। शहरी सेवाओं को आधुनिक और जनता के लिए सुगम बनाने के लिए नगर परिषद जल्द ही कूड़ा शुल्क ऑनलाइन जमा करवाने की सुविधा शुरू कर रही है। उपभोक्ताओं के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर हर माह डिजिटल बिल भेजा जाएगा, जिसे घर बैठे ही ऑनलाइन भुगतान किया जा सकेगा। नगर परिषद ने बताया कि यदि कोई उपभोक्ता समय पर शुल्क जमा नहीं करता है तो 250 रुपये का विलंब शुल्क अगले महीने के बिल में जोड़ दिया जाएगा। परिषद का मानना है कि यह स्वचालित व्यवस्था कूड़ा वसूली को और प्रभावी बनाएगी और शहर में स्वच्छता सेवाओं को सुदृढ़ करेगी। कार्यकारी अधिकारी खेम चंद वर्मा ने कहा कि सभी उपभोक्ता स्वच्छता अभियान में सहयोग करें और नई डिजिटल बिलिंग प्रणाली का लाभ उठाएं।