बिलासपुर (रामपुर)। बाइक की किस्त जमा नहीं करने पर छह हमलावरों ने हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रविवार की सुबह 11 बजे नैनीताल हाईवे की है, जहां उन्हाेंने हिस्ट्रीशटर से पहले बाइक छीनने की कोशिश की, बात नहीं बनी तो वारदात को अंजाम देकर हथियार लहराते हुए तीन बाइकों पर सवार होकर भाग गए। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बनाई हैं। छह के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक बिलासपुर नगर के मोहल्ला सिंह कॉलोनी निवासी दिवंगत बलदेव सिंह की पत्नी चरणजीत कौर रविवार की सुबह करीब 11 बजे अपने पुत्र संदीप सिंह उर्फ दीपू मंड (28) के साथ बाइक से रुद्रपुर जा रही थीं। उनके पीछे दूसरी बाइक पर उनके रिश्तेदार जगजीत सिंह और जसवीर कौर भी थे। नैनीताल हाईवे स्थित रेलवे फाटक पर मोटरसाइकिल सवार कौशलगंज के बलराज उर्फ बल्लू, रुद्रपुर की गायत्री इंटरप्राइजेज के मालिक राम प्रकाश यादव, लल्ला यादव, प्रिंस यादव, विपिन यादव, संजीव मौर्य ने बाइक की किस्त नहीं देने पर हिस्ट्रीशीटर संदीप को रोक लिया। वे बाइक छीनने लगे तो संदीप ने विरोध किया। संदीप ने सभी लोगों को समझाने का प्रयास भी किया। इसी दौरान लल्ला और रामप्रकाश ने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। विवाद बढ़ने पर बल्लू और संजीव ने दीपू को पकड़ लिया और लल्ला, प्रिंस, रामप्रकाश ने तमंचे से गोलियां चला दीं। रामप्रकाश की गोली मिस हुई, जबकि लल्ला और प्रिंस के तमंचे से निकलीं गोलियां दीपू की कनपटी पर लगीं और वह लहूलुहान होकर गिर गया। वहां लोगाें की भीड़ जुट गई। लोगों का जमावड़ा देख आरोपी तमंचे लहराते हुए बिलासपुर की ओर भाग गए।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों की मदद से दीपू की मां अपने पुत्र को लेकर समीप के नारायण अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर पुलिस उपाधीक्षक अरुण कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी तेजवीर सिंह, थाना भोट प्रभारी संजय कुमार, थाना खजुरिया प्रभारी विनय कुमार, थाना केमरी प्रभारी बिजेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मृतक की मां की ओर से दी गई तहरीर पर सभी छह आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 341, 396, 302, 511, 34 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने हत्यारोपियों की तलाश में संदिग्ध स्थानों पर तलाश की, मगर कोई भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया। सूचना पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संसार सिंह भी क्राइम ब्रांच प्रभारी अजय पाल, सीओ पुलिस लाइन रवि खोखर, फील्ड यूनिट प्रभारी राम रतन वर्मा के साथ मौके पर पहुंच गए। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीओ अरुण कुमार, कोतवाली प्रभारी तेजवीर सिंह, क्राइम ब्रांच प्रभारी अजय पाल के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन कर नामजद आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। इसके बाद तीनों टीमों ने आरोपियों की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश देनी शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर घटना की नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।