भाजपा, कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की एंट्री से बढ़ी सियासी हलचल
इस बार चुनावों में बिलासपुर नगर परिषद में होंगे कड़े मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत बिलासपुर जिले में नामांकन प्रक्रिया ने दूसरे दिन रफ्तार पकड़ी। तीन नगर परिषदों और एक नगर पंचायत में कुल 37 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। खास बात यह रही कि बिलासपुर नगर परिषद में भाजपा और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से चुनावी मुकाबला दिलचस्प होता नजर आ रहा है।
नगर परिषद बिलासपुर में नामांकन के साथ ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। वार्ड-1 से नरेश कुमारी, वार्ड-2 से सोमा देवी, जमुना (सीमा) व पिंकी देवी, वार्ड-6 से अंकिता ठाकुर, वार्ड-8 से अनिल कुमार, वार्ड-9 से नईम मोहम्मद, अजय चंदेल, वार्ड-10 से सुनील कुमार व मनोज कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें भाजपा समर्थित उम्मीदवारों में नरेश कुमारी, जमुना उर्फ सीमा, अनिल कुमार हैप्पी, अजय चंदेल और सुनील कुमार उर्फ सन्नी प्रमुख हैं, जबकि वार्ड-11 से मुकेश भाटिया लक्की पहले दिन से ही मैदान में उतर चुके हैं। इनके उतरने से कांग्रेस और अन्य उम्मीदवारों के सामने कड़ी चुनौती बनती दिख रही है। दूसरे दिन नामांकन करने वालों में कांग्रेस समर्थित अंकिता ठाकुर, नईम मोहम्मद, मनोज कुमार शामिल रहे। जबकि सोमा देवी जो कांग्रेस समर्थन से नगर परिषद परिषद अध्यक्ष भी रह चुकी हैं, इस बार वो इस बार किसी भी पार्टी का समर्थन नहीं है। जबकि कांग्रेस ने इस वार्ड से इस बार पिंकी देवी को समर्थन दिया है। वहीं, दूसरे दिन नगर पंचायत तलाई में 12, नगर परिषद घुमारवीं में 14, नगर परिषद बिलासपुर में 10, नगर परिषद श्री नयना देवी जी में 1 प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल किया। इससे साफ है कि चुनावी तस्वीर धीरे-धीरे स्पष्ट होने लगी है और वार्ड स्तर पर मुकाबले आकार ले रहे हैं।
नगर पंचायत तलाई के वार्ड-1 से प्रमिला देवी व अंजू बाला, वार्ड-2 से पुष्प लता, वार्ड-3 से अनीश शर्मा व अमित कुमार, वार्ड-4 से बालवीर व मनोज, वार्ड-5 से चमन लाल सोनी व अमन कुमार, वार्ड-6 से राधा देवी और वार्ड-7 से विमला देवी ने नामांकन भरा।
वहीं, नगर परिषद घुमारवीं में वार्ड-1 से बीना देवी, वार्ड-2 से तृप्ता, वार्ड-3 से शालिराम, रामपाल, अवदेश चंदेल, वार्ड-4 से सतीश, राजेश कुमार, वार्ड-5 से संदीप, तेग चंद, देशराज, वार्ड-6 से निवर्तमान अध्यक्ष रीता सहगल, शीला देवी,वार्ड-8 से निवर्तमान नगर परिषद उपाध्यक्ष श्याम शर्मा की धर्मपत्नी निशा और विमला ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने सदर विधायक त्रिलोक जमवाल और पार्टी नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान त्रिलोक जमवाल ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नगर परिषद के साथ भेदभाव किया गया और विकास कार्यों को जानबूझकर धीमा किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा का मुख्य एजेंडा शहर का चहुंमुखी विकास, मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और जनता की समस्याओं का समाधान है। नगर परिषद श्री नयना देवी जी में दूसरे दिन केवल वार्ड-2 से अलकेंद्र भूषण ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया 2 मई तक चलेगी। 4 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 6 मई तक नाम वापसी का मौका रहेगा। 17 मई को मतदान होगा, जिसके साथ ही सभी नगर निकायों में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ होगा। जिले में नामांकन के दूसरे दिन की तस्वीर से साफ है कि इस बार चुनाव केवल औपचारिक नहीं बल्कि कड़े राजनीतिक मुकाबले की ओर बढ़ रहे हैं, जहां हर वार्ड में समीकरण लगातार बदलते नजर आ रहे हैं।
बिलासपुर नगर परिषद में वार्ड 6 से नामांकन करती अंकिता ठाकुर। स्रोत: कांग्रेस