बिलासपुर कॉलेज में आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव में उपस्थित विद्यार्थी। स्रोत: कॉलेज प्रबंधन।
बिलासपुर कॉलेज में प्लेसमेंट ड्राइव में 40 विद्यार्थियों ने लिया भाग
महाविद्यालय में इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट ड्राइव का हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर के बीवॉक विभाग ने एक विशेष प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया। इसमें देश की प्रतिष्ठित कंपनियां टॉमी हिलफिगर और केल्विन क्लाइन ने भाग लिया।
इस आयोजन का उद्देश्य खुदरा प्रबंधन के विद्यार्थियों को रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसर प्रदान करना रहा। समारोह के मुख्यातिथि प्राचार्य डॉ. पीएस कटवाल रहे। इस इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट ड्राइव में लगभग 40 विद्यार्थियों ने भाग लिया। चयन प्रक्रिया के तहत ग्रुप डिस्कशन और साक्षात्कार का आयोजन भी किया गया। इसका परिणाम एक सप्ताह के बाद निकाला जाएगा। प्राचार्य ने कहा कि रिटेल सेक्टर आज तीव्र गति से उभरता हुआ उद्योग है, जहां प्रतिभाशाली युवाओं के लिए असीम संभावनाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर अपने कौशल को निखारने और भविष्य की चुनौतियों के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मैं उम्मीद करता हूं कि यह कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक सिद्ध होगा, अपितु उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव भी रखेगा। उन्होंने विभाग से कहा कि आप समय-समय पर इस तरह के आयोजन करवाते रहें, ताकि हमारे विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में जानकारियां प्राप्त कर अपने भविष्य को संवार सके। टॉमी हिलफिगर की ओर से नॉर्थ जोन हेड सिन्हा और ऑपरेशन हेड अनन्या ने विद्यार्थियों के साथ अनुभव साझा किए। उन्होंने रिटेल उद्योग में उपलब्ध कॅरिअर संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की और विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ अपने कॅरिअर निर्माण हेतु प्रेरित किया। सिन्हा ने टॉमी हिलफिगर के कार्य, वातावरण, कॅरिअर अवसरों, विभिन्न दायित्वों और विदेशों में उपलब्ध संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर प्रो. सुरजीत चंदेल, प्रो. अमित चंदेल, प्रो. प्रेमचंद, प्रो. किशोर, प्रो. पुर्वेश, प्रो. कर्मचंद, प्रो. विनोद, नॉन टीचिंग स्टाफ से मोनिका, गौतम दत्त, संतोष आदि उपस्थित रहे।