तैयारियों को लेकर बचत भवन में हुई समीक्षा बैठक
मंत्री राजेश धर्माणी ने दिए विभागों आपसी समन्वय स्थापित करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। चिट्टे के खिलाफ प्रदेश सरकार की सख्त और व्यापक मुहिम चिट्टा मुक्ति हिमाचल-एक संकल्प, एक दिशा के तहत 26 दिसंबर को बिलासपुर में महा वॉकथॉन का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर सोमवार को जिला मुख्यालय के बचत भवन में तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने की।
मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि यह महा वॉकथॉन नशे के विरुद्ध सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 26 दिसंबर को बिलासपुर में आयोजित इस महा वॉकथॉन की अध्यक्षता करेंगे। शिमला, धर्मशाला और हमीरपुर के बाद यह चौथा बड़ा आयोजन है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी को मजबूत करना है। मंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के सभी शिक्षण संस्थानों से छात्र-छात्राओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए। विद्यार्थियों के आवागमन के लिए पर्याप्त परिवहन व्यवस्था, प्रत्येक संस्थान के लिए नोडल अधिकारी की तैनाती तथा सुरक्षा व अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए। यातायात, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर भी विस्तृत निर्देश जारी किए गए। मंत्री ने कहा कि वॉकथॉन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही चरणबद्ध ढंग से नियंत्रित की जाए और वैकल्पिक मार्ग पहले से अधिसूचित किए जाएं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, स्वयंसेवकों की तैनाती और आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल गठित करने के निर्देश भी दिए गए।
उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि महा वॉकथॉन में करीब 15 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी का अनुमान है। इसमें रेड जोन पंचायतों के जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं, आशा वर्कर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी शामिल होंगे, ताकि नशा विरोधी संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि महा वॉकथॉन का शुभारंभ बॉयज स्कूल बिलासपुर से होगा, जहां मुख्यमंत्री प्रतिभागियों को नशे के खिलाफ शपथ दिलाएंगे। इसके बाद वॉकथॉन शहर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए करीब 2.2 किलोमीटर का सफर तय करेगी। किसी भी सहायता के लिए कंट्रोल रूम नंबर 112, स्थानीय कंट्रोल रूम 8626849288 और नोडल अधिकारी डीएसपी के मोबाइल 985771100 पर संपर्क किया जा सकता है।