सदर विधायक बंबर ठाकुर ने पंचायत कुड्डी के गांव भराथू में 37 लाख की लागत से बनने वाली कुड्डी-जाखण-देयो रा घाट पेयजल योजना की आधारशिला रखी। पेयजल योजना के बनने से भराथू, कुड्डी, जाखण, बनेर, दियो रा घाट और आस-पास की अन्य बस्तियों को पर्याप्त पेयजल की उपलब्ध होगा।
इस मौके पर उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल और सिंचाई योजनाओं पर करोड़ों रुपये व्यय कर रही है। ताकि प्रत्येक परिवार को पेयजल और सिंचाई की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
कहा कि अगले महीने के दौरान गांव भराथू में पेयजल टैंक का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा और दो नए हैंडपंप भी स्थापित किए जाएंगे। 75 लाख रुपए व्यय कर दली से पानी उठाकर भराथू और आस-पास के गांवों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे किसान पैदावार बढ़ा सकेंगे। उन्होंने दयो-रा-घाट में शीघ्र पेयजल टैंक का निर्माण और श्मशान घाट भराथू के रास्ते की मरम्मत करवाने का भी आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि दली से दियां बंदला को सड़क से जोड़ा जाएगा ताकि लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सके। कुड्डी पंचायत में 10 लाख व्यय कर विश्राम गृह का निर्माण किया जा रहा है।
प्राकृतिक वन संपदा के संरक्षण को लेकर भराथू के जंगलों में फायर पट्टी बनाई जाएगी। इससे आगजनी की घटनाओं के कारण करोड़ों की वन संपदा को नष्ट होने से बचाया जा सकेगा। उन्होंने भराथू मिडल स्कूल को अपग्रेड कर हाई स्कूल करने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि भराथू-डैहर के पास शीघ्र ही पुल का निर्माण किया जाएगा। इससे वाया डोरा-खंगड़ होते हुए बिलासपुर की दूरी कम हो जाएगी।
उन्होंने जंगल-झलेड़ा सड़क को पक्का करने और कुड्डी पंचायत घर से गोली सड़क तक सोलिंग और उसकी मरम्मत करने का भी आश्वासन दिया। इसके पश्चात बंबर ठाकुर ने 1 लाख 50 हजार रुपए की लागत से नवनिर्मित महिला मंडल भवन भराथू का उद्घाटन किया और महिला मंडल भराथू को कुर्सियां और दरियां भी दीं।
इस अवसर पर पंचायत प्रधान कुड्डी सुखदेई, उपप्रधान गोपाल, भराथू महिला मंडल प्रधान लता देवी, वार्ड मेंबर बलदेव सिंह, नंद लाल, ज्ञानो देवी, सत्या देवी, कांग्रेस कार्यकर्ता रूप लाल ठाकुर, बीडीसी सदस्य सरोज वाला, प्रधान महिला मंडल खंगड़ वीना महाजन, शहरी कांग्रेस अध्यक्ष राज कुमार टाडू, अधिशाषी अभियंता एसके पटियाल, एसडीओ डीआर चौहान, एक्सईएन आईपीएच (डिजाइन) शेर सिंह धीमान, एसडीओ लोक निर्माण विभाग एआर कालिया के अतिरिक्त अन्य लोग उपस्थित थे।