डिजिटल न चलाएं
घर में अकेली थी पीड़ित, मौका देखकर घुसा आरोपी
मेडिकल करवाया, पुलिस ने शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। घुमारवीं थाना क्षेत्र के तहत आने वाले एक गांव में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल परीक्षण भी करवा लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को नाबालिग घर पर अकेली थी, जबकि उसके परिजन किसी कार्य से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान करीब 44 वर्षीय आरोपी मौका देखकर नाबालिग के घर में घुस गया और कथित रूप से वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि जब आरोपी घर में दाखिल हुआ तो एक पड़ोसी ने उसे देख लिया और शक होने पर दरवाजे को बाहर से कुंडी लगा दी। उधर, जब पीड़िता के परिजन वापस घर पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी मिली। हालांकि तब तक आरोपी दरवाजे की कुंडी तोड़कर मौके से फरार हो चुका था। घटना के बाद पीड़िता ने अपनी मां को पूरी आपबीती बताई। इसके बाद परिजन तुरंत उसे लेकर थाना पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पीड़ित का मेडिकल परीक्षण करवाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़ित का मेडिकल करवाया गया है। मामले की प्राथमिकता के आधार पर जांच की जा रही है।