-मंत्री ने सलापड़-तत्तापानी सड़क कार्य को शीघ्र पूरा करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह के मंडी दौरे के दौरान हरनोड़ा पंचायत के मुख्य द्वार सलापड़ पहुंचे। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव ठाकुर हीरापाल सिंह की अगुवाई में स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया।
मंत्री ने बिलासपुर के हरनोड़ा और मंडी के खुराल गांव को जोड़ने वाले ब्रिज का निरीक्षण भी किया। इस दौरान पूर्व विधायक बंबर ठाकुर भी मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने सलापड़-तत्तापानी सड़क का भी जायजा लिया। इस सड़क का अभी तक करीब 900 मीटर कार्य शेष रह गया है। विक्रमादित्य सिंह ने निर्देश दिए कि 31 जनवरी तक इस सड़क कार्य का पूरा हो जाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने बटवाड़ा और क्याण सड़क के साथ लगते गांवों का दौरा भी किया और वहां ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने का हरसंभव प्रयास करेगी। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के साधन भी पैदा होंगे। उन्होंने लोगों का आश्वासन दिया कि सलापड़-तत्तापानी सड़क काम जल्द पूरा किया जाएगा। इस मौके पर उपाध्यक्ष जोगेंद्र सिंह ठाकुर, राहुल कपूर, विजय, राज कुमार, उपप्रधान सोनू, केडी चौधरी, मदन ठाकुर, बृजलाल बंसल, सोहण लाल ठाकुर और हरेंद्र सेन भी थे।