घुमारवीं (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं के भदरोग गांव में किराने की एक दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे चोरों को ग्रामीणों ने दुकान में ही बंद कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने दुकान के मालिक और पुलिस को सूचित कर शातिर को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में कुलभूषण पटियाल निवासी गांव जाहड़ी-नसवाल ने बताया कि वह भदरोग में किराने की दुकान करता है। बुधवार रात को फोन आया कि उनकी दुकान का ताला तोड़ने की आवाज आ रही है। इस पर वह अपने भाई के साथ दुकान पर पहुंचा। पहुंचने पर देखा कि उसकी दुकान के शटर के ताले टूटे हुए हैं। स्थानीय लोगों ने दुकान का शटर बाहर से बंद कर दिया था और चोर दुकान के अंदर थे।
उधर, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान दुकान के बाहर ग्रामीणों द्वारा पकड़ा गया युवक मिला और पुलिस की मौजूदगी में दुकान का शटर खोला गया। अंदर से दो और युवक बाहर आए। उन्होंने अपना परिचय विकास मांझी निवासी गांव खरका जिला गुमला झारखंड, साहिल कुमार निवासी गांव वागहिरया जिला गुमला दिया। इसके अलावा तीसरा युवक अभिषेक मांझी भी झारखंड के गुमला जिला के खरका गांव का रहने वाला है। डीएसपी घुमारवीं चंद्रकांत सिंह ने मामले की पुष्टि की है।