दुर्गा माता मंदिर के आसपास झुंड में घूम रहे कुत्ते, राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों में डर
बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित
शिकायत के बावजूद नगर परिषद की ओर से समस्या का समाधान नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शहर के चंगर सेक्टर में लावारिस कुत्तों का आतंक लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। दुर्गा माता मंदिर के आसपास बड़ी संख्या में लावारिस कुत्ते दिनभर डेरा डाले रहते हैं। इसी क्षेत्र में प्राइमरी स्कूल, मंदिर और अस्पताल होने के कारण लोगों और बच्चों की आवाजाही रहती है। ऐसे में कुत्तों के झुंड के कारण स्थानीय लोगों में किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पैदल राहगीरों के साथ-साथ दोपहिया वाहन चालक भी इन कुत्तों से परेशान हैं। कई बार कुत्ते राहगीरों पर झपटने लगते हैं और दोपहिया वाहनों के पीछे दौड़ते हैं। कुत्तों के अचानक पीछे दौड़ने से वाहन चालक घबरा जाते हैं और संतुलन बिगड़ने से हादसा होने का खतरा रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार बच्चों को लेकर सबसे अधिक चिंता है, क्योंकि स्कूल के आसपास भी लावारिस कुत्तों की आवाजाही रहती है। अभिभावकों को डर है कि कहीं कुत्ते किसी छोटे बच्चे पर हमला न कर दें। लोगों ने बताया कि दुर्गा माता मंदिर के आसपास कुत्तों का जमावड़ा रहने के कारण कई बार उन्हें रास्ता बदलकर जाना पड़ता है। सुबह और शाम के समय पैदल आवाजाही करने वाले लोगों को विशेष परेशानी होती है। अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को भी इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। क्षेत्र में स्कूल और अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान होने के कारण नगर परिषद को मामले को गंभीरता से लेना चाहिए। लावारिस कुत्तों की समस्या को लेकर नगर परिषद को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन शिकायत के बावजूद अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
लोगों का कहना है कि कार्रवाई नहीं होने के कारण कुत्तों की संख्या और उनका आतंक लगातार चिंता बढ़ा रहा है। उन्होंने नगर परिषद से क्षेत्र में अभियान चलाकर लावारिस कुत्तों को नियंत्रित करने तथा स्कूल और अस्पताल के आसपास विशेष ध्यान देने की मांग की है। अनीश ठाकुर, मनोज ठाकुर, करण चौधरी, अतुल शर्मा, राहुल शर्मा, प्रमोद कुमार, रेणु ठाकुर, विनीता कुमारी, नरेंद्रपाल, आसिमा, पुलकित, गगन और सोनू ने नगर परिषद से जल्द कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसी बड़ी घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते समस्या का समाधान किया जाना चाहिए। लोगों ने विशेष रूप से स्कूल आने-जाने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।
कोट
जब भी ऐसी शिकायतें आती हैं तो उनका निवारण किया जाता है। पशुपालन विभाग के साथ मिलकर इस समस्या के समाधान के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे, ताकि लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जमुना देवी,नगर परिषद अध्यक्ष