भुलस्वाई पंचायत के बेसहारा, दिव्यांग और विधवा महिलाओं ने सीएम से लगाई गुहार
एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री, राज्यपाल और मुख्य सचिव को भेजा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। विकासखंड घुमारवीं की ग्राम पंचायत भुलस्वाई में बीपीएल और सहारा योजना को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। पंचायत के दिव्यांग, विधवा, एकल महिलाएं और अन्य पात्र लोगों ने अपनी मांगों को लेकर एसडीएम घुमारवीं के माध्यम से मुख्यमंत्री, राज्यपाल और मुख्य सचिव को ज्ञापन भेजा है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में पंचायत के उन सभी लोगों को बीपीएल व आईआरडीपी योजनाओं में शामिल करने की मांग की है, जो पूरी तरह से पात्र हैं। उन्हें सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रखा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि संविधान और सरकार की ओर से बनाए गए अधिनियमों के तहत दिव्यांग, विधवा, एकल महिलाएं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग बीपीएल व आईआरडीपी जैसी योजनाओं का लाभ पाने के हकदार हैं। ज्ञापन में बताया गया है कि ग्राम पंचायत भुलस्वाई में बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं, जिन्हें या तो जानबूझकर या लापरवाही के चलते बीपीएल सूची से बाहर कर दिया गया है। ग्रामीणों ने ज्ञापन के साथ पात्र लोगों की सूची भी संलग्न की है, जिनमें 50 से 100 प्रतिशत तक दिव्यांग, विधवा व एकल महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा सूची में कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोग भी दर्ज हैं, जिनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पहले पंचायत में करीब 112 लोग बीपीएल श्रेणी में शामिल थे, लेकिन हालिया जांच प्रक्रिया के दौरान केवल दो लोगों को ही बीपीएल सूची में रखा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह निर्णय न केवल चौंकाने वाला है, बल्कि सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों के साथ खुला अन्याय भी है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत के कई बेसहारा, दिव्यांग, विधवा और कैंसर पीड़ित लोगों को सहारा योजना का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। पिछले करीब छह महीनों से सहारा योजना की कोई राशि जारी नहीं की गई है, जिससे इन परिवारों के सामने जीवन यापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ऊपर से उनके नाम बीपीएल सूची से भी काट दिए गए हैं, जबकि वे आईआरडीपी और बीपीएल दोनों श्रेणियों में आने के पात्र हैं। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि ग्राम पंचायत भुलस्वाई के सभी पात्र लोगों को तत्काल बीपीएल और आईआरडीपी योजनाओं में शामिल किया जाए। सहारा योजना की लंबित राशि शीघ्र जारी की जाए, ताकि जरूरतमंद लोग सम्मान पूर्वक अपना जीवन यापन कर सकें।