उपायुक्त राहुल कुमार ने वरिष्ठ नागरिक सभा के साथ की बैठक
पार्किंग, स्वास्थ्य, पेयजल और यातायात से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला मुख्यालय स्थित बचत भवन में मंगलवार को वरिष्ठ नागरिक सभा बिलासपुर की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने की। वरिष्ठ नागरिक सभा के अध्यक्ष डॉ. जेएन मिश्रा, महासचिव मस्तराम वर्मा, संरक्षक ओपी गर्ग सहित अन्य सदस्यों ने शहर की समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा। इनमें पार्किंग निर्माण, पैदल पाथ, नालियों की नियमित सफाई, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष चिकित्सा पर्ची, एम्स अस्पताल में अलग लाइन, कोलडैम से जल आपूर्ति, लावारिस पशुओं की समस्या, कॉलेज चौक रघुनाथपुर में ओवरहेड पुल व जेबरा क्रॉसिंग, फोरलेन पर रेन शेल्टर, सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, स्ट्रीट लाइट, पेयजल संकट, एम्स अस्पताल के मुख्य गेट के सामने पड़े मलबे को हटाना और बस स्टैंड से मंडी बुराड़ी पुल तक ई-टैक्सी चलाने जैसी मांगें शामिल रहीं। उपायुक्त राहुल कुमार ने सभी मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाएं प्रशासन की प्राथमिकता हैं और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, अतिरिक्त उपायुक्त ओमकांत ठाकुर, सहायक उपायुक्त राजकुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी रमेश बंसल, रेडक्रॉस सोसायटी के अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।