नयना देवी में नव वर्ष 2020 के आगमन के मेलों को लेकर बैठक की अध्यक्षता करते उपायुक्त।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी में नववर्ष 2020 के आगमन पर 29 दिसंबर 2019 से 2 जनवरी 2020 तक हर वर्ष की भांति मेले का आयोजन किया जा रहा है। जिला दंडाधिकारी बिलासपुर राजेश्वर गोयल ने मेेले की तैयारियों के बारे में बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी प्रबंध पूरे किए जा रहे हैं। जबकि मेले के सफल आयोजन के लिए उपमंडलाधिकारी स्वारघाट को मेला अधिकारी तथा मंदिर अधिकारी को सहायक मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है और उपपुलिस अधीक्षक श्री नयना देवी को पुलिस मेला अधिकारी तथा एसएचओ कोट को सहायक पुलिस मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेले को नौ सेक्टरों में बांटा गया है और चार सेक्टर मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर को समुचित चिकित्सा स्टाफ नियुक्त करने के निर्देश दिए तथा नए बस स्टैंड पर और सेक्टर 4 व 5 में अस्थाई चिकित्सा सहायता कक्ष स्थापित करने को कहा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विनय धीमान, उपमंडलाधिकारी स्वारघाट सुभाष गौतम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश दड़ोच के अतिरिक्त अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।