संघ बिलासपुर ने अधीक्षण अभियंता से की शिष्टाचार भेंट
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला/भगेड़ (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश विद्युत तकनीकी कर्मचारी संघ बिलासपुर जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता बिलासपुर के साथ शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान बिलासपुर के घुमारवीं में होने जा रही हिमाचल प्रदेश विद्युत तकनीकी कर्मचारी संघ की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का ब्योरा दिया गया। इसके अलावा मंडल बिलासपुर की नई कार्यकारिणी का गठन करने और बैठक का भी ब्योरा दिया गया।
उन्होंने अधिकारियों को कर्मचारियों कि समस्याओं से अवगत करवाया। इनमें मुख्य प्रकार से कर्मचारियों के पहचान पत्र बनवाने और जिन कर्मचारियों की कन्फर्मेशन नहीं हुई है उनकी समय पर कन्फर्मेशन करवाने की मांग की। इसके अलावा संघ ने मांग उठाई कि बिलासपुर के अंतर्गत आने वाले विद्युत कर्मचारी जिनको सरकार व बोर्ड मैनेजमेंट की ओर से 20 हजार की किस्त मिलनी थी उसे दिया जाए। अधीक्षण अभियंता से कर्मचारियों कि पदोन्नति के बारे में बात हुई, जिन भी कर्मचारियों की पदोन्नति होनी है जिनका मापदंड उनकी कैटेगरी के अनुसार पूरा हो जो आपके या अधिशाषी अभियंता के अधीन आती है। इन सभी मांगों को अधीक्षण अभियंता ने सुना और आश्वासन दिया कि इन सभी मांगों को जल्दी पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर 12 दिसंबर को बिलासपुर विश्राम गृह में बैठक आयोजित की जाएगी इस मौके पर जिला महामंत्री श्यामलाल शर्मा, जिला वरिष्ठ उप प्रधान सुनील चंदेल, जिला उप प्रधान अजय कुमार, जिला सचिव दीपक कुमार और महामंत्री रवि शंकर शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।