बिलासपुर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने बुधवार शाम को क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर का दौरा किया और स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। मंत्री ने कहा कि शीघ्र ही एमडी मेडिसिन अस्पताल में ज्वाइन कर लेंगे। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने रोगियों को मिलने वाली सुविधा और अन्य कार्यों की जांच और जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल में रिक्त पड़े चिकित्सकों के पदों को शीघ्र भर दिया जाएगा। साथ ही अस्पताल में अधिकारियों की ओर से दिए गए सुझावों पर भी शीघ्र निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर संतोष जताया। मंत्री ने मातृ शिशु वार्ड का भी दौरा किया और नवजात बच्चों और माताओं को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में एक स्त्री रोग विशेषज्ञ ने कार्यभार संभाल लिया है। एमडी मेडिसिन भी शीघ्र अस्पताल में अपनी सेवाएं देना शुरू कर देंगे, इसके आदेश दे दिए गए हैं। इस मौके पर कार्यकारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सतीश शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण चौधरी, एसडीएम सदर अभिषेक गर्ग और डॉ. भूपेंद्र मौजूद रहे।