- भगेड़ स्कूल में मनाया किशोर स्वास्थ्य दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भगेड़ में किशोर स्वास्थ्य दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य राकेश मनकोटिया ने की।
इस अवसर पर स्वास्थ्य संबंधी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें मनीष ने पहला, अंजली ने दूसरा और पलक ने तीसरा स्थान हासिल किया। स्वास्थ्य शिक्षक रमेश चंदेल ने बताया कि अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने के लिए व्यक्ति को अपने भोजन में ताजे फल, पर्याप्त तरल पदार्थ, सब्जियां, विटामिन डी, विटामिन सी युक्त पदार्थों का ज्यादा सेवन करना चाहिए। किशोर-किशोरियां गले में खराश, खांसी,100 डिग्री से ज्यादा बुखार रहने, सांस में तकलीफ होने पर तुरंत चिकित्सक को दिखाएं। उन्होंने कहा कि जिन युवक-युवतियों में हीमोग्लोबिन का स्तर 12 ग्राम से कम होता है उनमें थकान, कमजोरी, सांस फूलना, चक्कर आना, छाती, जोड़ो में दर्द, हाथों, पैरों का ठंडा होना, सिर दर्द, त्वचा का पीला पड़ना, अनियमित दिल की धड़कन, सांस फूलना जैसी शिकायतें देखी जाती हैं। उन्होंने बताया कि एनीमिया से बचने के लिए जंक फूड और कई बार तले गए तेल में बनी चीजों का प्रयोग न करें। अपितु दिन में कम से कम एक बार घर में उपलब्ध अंकुरित अनाज, जिसमें काले चने, सोयाबीन, कच्ची मूंगफली, मूंग और मेथी हो उनको खाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार का नशा हमारी पारिवारिक व्यवस्था को ध्वस्त कर देता है। नशा करने वाला व्यक्ति बार-बार कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का शिकार होता है। उसका व्यवहार चिड़चिड़ा, अस्थिर, गैर जिम्मेदाराना, आत्महीन, अनिर्णय, लाचार, निराश, अवसाद ग्रस्त, अरुचिकर और सामाजिक तौर पर अलग-अलग हो जाता है। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य कुसुम चौहान, प्रवक्ता बलदेव दास, पूनम लता, रुचि राणा, अखिलेश कुमार, राजेश, राजकुमार, पवन, नीतू, सुमन कुमारी, सुमन लता, नीना शर्मा, अदीप शर्मा, सुरेश कुमार, दिनेश कुमार, वीना, आशा देवी, निशा शर्मा, सरोज और नीना चौधरी उपस्थित रही।