खस्ताहाल बरठीं-मलारी-भल्लू-कलर-भड़ोलीकलां सड़क। संवाद
बरठीं-मलारी-भल्लू-कलर-भड़ोलीकलां मार्ग पर गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा
10-12 किमी अतिरिक्त सफर को मजबूर हैं लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता(बिलासपुर)। झंडूता विधानसभा क्षेत्र के तहत बरठीं-मलारी-भल्लू-कलर-भड़ोलीकलां सड़क मार्ग इन दिनों लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है। करीब आठ किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर जगह-जगह पड़े गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों का सफर जोखिम भरा हो गया है। सड़क की बदहाल स्थिति से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों के कारण वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है, जबकि दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
बारिश के दौरान हालात और भी खराब हो जाते हैं। सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को रास्ते का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। इधर, झंडूता-मांडवा-भड़ोलीकलां-शाहतलाई-बड़सर-ऊना मुख्य सड़क मार्ग पर मांडवा पुल के दोनों ओर पहाड़ियों के दरकने की आशंका के चलते प्रशासन ने मार्ग को अस्थायी रूप से यातायात के लिए बंद कर रखा है। ऐसे में शाहतलाई और भड़ोलीकलां की ओर जाने वाले वाहनों को बरठीं-मलारी-भल्लू-कलर-भड़ोलीकलां मार्ग से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही कई गुना बढ़ गई है। पहले जहां लोगों को करीब दो किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता था, वहीं अब उन्हें 10 से 12 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। ऊपर से जर्जर सड़क ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग और प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए जल्द सड़क की मरम्मत की मांग की है। कोटधार नलवाड़ी मेला के संस्थापक एवं समाजसेवी अमरनाथ धीमान ने कहा कि बरठीं-मलारी-भल्लू-कलर-भड़ोलीकलां सड़क मार्ग की स्थिति बेहद खराब है। यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से लोगों की परेशानी को देखते हुए तत्काल सड़क को दुरुस्त करने की मांग की। लोक निर्माण विभाग बरठीं के सहायक अभियंता सचिन नड्डा ने बताया कि उन्होंने स्वयं सड़क का निरीक्षण किया है और सड़क की स्थिति खराब है। विभाग ने मार्ग पर एक जेसीबी मशीन और कर्मचारियों की तैनाती की है, ताकि बरसात के दौरान सड़क को यातायात योग्य बनाए रखा जा सके। उन्होंने कहा कि बरसात समाप्त होने के बाद सड़क की स्थायी मरम्मत के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।