-तीसरे दिन के खेल में बारिश बनी बाधा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अंतर जिला सीनियर क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत लुहणू मैदान में चल रहे मंडी-किन्नौर का मैच ड्रॉ हो गया। पहली पारी के आधार पर मंडी को विजेता घोषित किया गया।
तीसरे दिन के खेल में बारिश बाधा बनी और केवल पांच ओवर का खेल हो पाया। मैच में मंडी के पास अच्छी पकड़ थी। मंडी ने पहली पारी 454 रन पर घोषित की थी। इसके बाद किन्नौर की पहली पारी 95 रन पर सिमट गई थी। मंडी ने किन्नौर को फॉलोऑन दिया था, जिसमें किन्नौर ने तीन विकेट खोकर 103 रन बनाए थे। तीसरे दिन रुक-रुक कर बारिश होती रही जिस कारण खेल में देरी होती रही। दिन के समय मौसम सही होते ही खेल शुरू हुआ। इसमें भी मंडी ने किन्नौर के एक बल्लेबाज को आउट किया। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक किन्नौर ने चार विकेट खोकर 124 रन बनाए थे। हालांकि यह खेल केवल पांच ओवर तक ही हुआ, जिसके बाद बारिश फिर बाधा बनी और शाम तक मौसम साफ नहीं हुआ। इस तरह मैच ड्रॉ हुआ और मंडी पहली पारी के आधार पर विजेता बना। इस मैच में मंडी के आयुष जमवाल प्लेयर ऑफ द मैच बने। उन्होंने पांच विकेट हासिल किए और 36 रन की पारी खेली।