मुख्य संसदीय सचिव (वन) राजेश धर्माणी ने बुधवार को ग्राम पंचायत मरहाणा के मलोट में पशु औषधालय का शुभारंभ किया। मलोट में पशु औषधालय खुलने से मरहाणा, सलाओं और कुठेड़ा पंचायत सहित साथ लगती अन्य पंचायतों के लोग भी लाभान्वित होंगे।
यहां पशु औषधालय खोलने के लिए क्षेत्र के ग्रामीण काफी लंबे समय से मांग कर रहे थे। इस मांग को सीपीएस ने पूरा किया है। लोगों को संबोधित करते हुए सीपीएस राजेश धर्माणी ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार हाल ही में तीन पशु औषधालय मलोट, रच्छड़ा आसैर चुवाड़ी-कुठेड़ा के लिए स्वीकृत हुए हैं। मलोट पशु औषधालय भराड़ी पशु चिकित्सालय के अधीन रहेगा।
इसमें सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के अन्य जिलों के साथ-साथ बिलासपुर में पॉलीक्लीनिक खोला गया है। इसमें विभिन्न विषयों से संबंधित पशु विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद हैं।
यह ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को अच्छी नस्ल के पश ुपालने, समय-समय पर पशुओं के टीकाकरण, पशुओं की बीमारियों की रोकथाम सहित पशुओं में दूध बढ़ाने के बारे में सुझाव देकर जागरूक कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि समलाह से मलोट सड़क निर्माण के लिए कुछ परिवारों से एनओसी न मिलने के कारण निर्माण नहीं हो पा रहा है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि जल्द जमीन पीडब्ल्यूडी के नाम करें।
इसके अलावा नया सबस्टेशन बम्म के पास खोला जा रहा है। एक बड़ी पेयजल योजना व्यास नदी से उठाने के लिए तैयार की गई है। इस पर जल्द कार्य शुरू किया जाएगा।
उपनिदेशक पशु पालन डॉ. विनोद कुंडी ने भी ग्रामीणों को विभाग की चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया। इस अवसर पर दिनेश शर्मा, सरला चौहान, नंदलाल शर्मा, सुलक्षणा पठानिया, मनोहर लाल, नीलम शर्मा, आरएस ठाकुर, होशियार सिंह और डॉ. मनदीप सिंह सहित कई लोग उपस्थित रहे।