शोभायात्रा और झांकियों ने खींचा श्रद्धालुओं का ध्यान
डियारा सेक्टर स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर से निकली शोभायात्रा
लव-कुश और रामायण की झांकियों ने बनाया अद्भुत दृश्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शहर में सोमवार को महर्षि वाल्मीकि का प्रकाश पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर डियारा सेक्टर स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया और मंदिर परिसर से एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई।
जिला वाल्मीकि सभा बिलासपुर की ओर से निकाली गई इस शोभायात्रा में धर्म प्रेमियों के साथ विभिन्न धार्मिक संस्थाओं के लोग भी बढ़-चढ़कर शामिल हुए। शोभायात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर मुख्य बाजार, कॉलेज चौक, रौड़ा सेक्टर और नगर की परिक्रमा करते हुए वापस मंदिर में समाप्त हुई। शोभायात्रा में प्रस्तुत की गई झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें वीर हनुमान जी को लव-कुश द्वारा पकड़ना और बंदी बनाना, अयोध्या नरेश श्री राम जी के अश्वमेध यज्ञ के घोड़े को लव-कुश द्वारा पकड़ना, लव-कुश की ओर से भगवान की स्तुति गान करते हुए दिखाना शामिल था। इसके अतिरिक्त महर्षि वाल्मीकि आश्रम में माता सीता के साथ लव-कुश की जोड़ी की झांकी भी दर्शकों का ध्यान खींचती रही।
इस अवसर पर संत गुरु रविदास महासभा, कबीर पंथ समाज सभा, संत नामदेव सभा और अन्य धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। जिला वाल्मीकि सभा के प्रधान अशोक कुमार ने बताया कि यह कार्यक्रम दो दिन तक चलेगा।
उन्होंने धर्म प्रेमियों से अपील की कि वे इस भव्य आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लें। शोभायात्रा में बाल्मीकि धर्म समाज जिला इकाई के प्रधान अशोक कुमार वाहिल, नगर परिषद उपाध्यक्ष सोनिया कुमारी, पार्षद नरेश कुमारी, अनिल किशोर, अजय दादरी, अजय कंडेरा, संदीप कुमार, विनय किशोर, रविंद्र, विजय कग्घा, राजेंद्र किशोर, संतोष कुमारी, गौरव, काकू, रितेश, राहुल, शुभम, पूर्व पार्षद रोहित, उमा किशोर, कुलदीप कौर, कर्मवीर, जोगेंद्र भवानी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
बिलासपुर में वाल्मीकि प्रकाश पर्व के पहले दिन निकाली गई झांकी। संवाद