विद्युत बोर्ड से लगाई समस्या से निजात दिलाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश (बिलासपुर)। ग्राम पंचायत डमली के गांव सेल में करीब 30 परिवार लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। गांव में 10 परिवार ऐसे हैं जिन्हें अभी भी दो फेस लाइन की सुविधा मिली है। लोगों ने विद्युत बोर्ड से लो वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों जयराम, सुरजीत, जगतपाल, विनोद कुमार, पवन कुमार, रामकरण, प्रकाश चंद, रतन लाल, श्याम लाल और दीपचंद ने बताया कि लो वोल्टेज के कारण कूलर और पंखे शोपीस बने हुए हैं। पशुओं के लिए घास काटने वाली मशीन भी सही ढंग से काम नहीं कर रही हैं। बच्चों को पढ़ने में भी दिक्कतें पेश आ रही हैं। लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसका अभी तक कोई भी निवारण नहीं हो पाया है। ग्राम पंचायत प्रधान डमली वंदना कुमारी ने बताया कि बहुत समय से लो वोल्टेज की समस्या है। इसके बारे में कई बार अवगत करवाया गया है, लेकिन अभी तक कोई हल नहीं हो पाया है। उधर, कनिष्ठ अभियंता आशीष कुमार ने बताया कि क्षेत्र में शीघ्र ही बड़ा ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। इसके बाद समस्या का समाधान हो जाएगा।