ग्रामीण सहमे, वन विभाग से तेंदुआ पकड़ने की उठी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। उपमंडल झंडूता की ग्राम पंचायत बैहना जट्टा के वार्ड नंबर-1 में मंगलवार शाम को एक तेंदुए ने घर के पास चर रही बकरियों पर हमला कर दिया। घटना करीब शाम साढ़े चार बजे की है। मनोहर लाल पुत्र दीप सिंह की बेटी ने बकरियों को घर के पास चरने के लिए छोड़ा था।
इसी दौरान झाड़ियों से अचानक निकला तेंदुआ बकरियों पर टूट पड़ा और एक बकरी को बुरी तरह घायल कर दिया। छात्रा ने शोर मचाकर ग्रामीणों को आवाज दी, लेकिन तेंदुए ने बच्ची पर कोई हमला नहीं किया। बच्ची की चीखें सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। भीड़ देखकर तेंदुआ तुरंत जंगल की ओर भाग निकला। हालांकि बकरी की जान बच गई है, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद पूरे गांव में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुआ कई दिनों से क्षेत्र में दिख रहा है, जिससे बच्चे और मवेशी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि तेंदुए को जल्द पकड़ा जाए और गांव में सुरक्षा के उपाय किए जाएं।