बिलासपुर कॉलेज में आयोजित कार्यशाला में उपस्थित विद्यार्थी व अन्य। स्रोत: कॉलेज प्रबंधन।
बिलासपुर कॉलेज में रेड रिबन क्लब ने लगाई कार्यशाला, आपात स्थिति में तुरंत मदद करने के बताए उपाय
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर के रेड रिबन क्लब की ओर से जीवन रक्षक कौशल, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन प्रतिक्रिया विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। प्राचार्य डॉ. पीएस कटवाल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में स्वयंसेवकों को आपात स्थिति में प्रभावित व्यक्ति की मदद करने के तरीके बताए गए।
एम्स की स्वास्थ्य शिक्षिका डॉ. अंजलि ने रिसोर्स पर्सन के रूप में स्वयंसेवकों को प्राथमिक उपचार के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न आपात स्थितियों में अपनाए जाने वाले उपायों का प्रदर्शन किया। इस दौरान हृदय गति रुकने की स्थिति में दी जाने वाली सीपीआर तकनीक और अन्य जीवनरक्षक उपायों पर विशेष जोर दिया गया।
संवादात्मक सत्र के दौरान स्वयंसेवकों को बताया गया कि आपात स्थिति में शांत और सतर्क रहकर सही कदम उठाना जरूरी है। समय पर प्राथमिक उपचार मिलने से चिकित्सा सहायता पहुंचने तक प्रभावित व्यक्ति की मदद की जा सकती है। रेड रिबन क्लब की नोडल अधिकारी डॉ. सोनिया राठौर ने कहा कि किसी आपात स्थिति में आम व्यक्ति की ओर से समय पर दी गई प्राथमिक सहायता भी जीवन बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। प्रत्येक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार और आपातकालीन प्रतिक्रिया का बुनियादी ज्ञान होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कार्यशाला में स्वयंसेवकों ने सीपीआर की प्रक्रिया और अन्य जीवनरक्षक तकनीकों की जानकारी हासिल की। ऐसे प्रशिक्षण युवाओं को जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाने के साथ जरूरतमंदों की सहायता के लिए तैयार करते हैं। इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।