बोले- 63 में से 15 की सहमति से ब्लॉक प्रधान चुनना नियमों के अनुरूप नहीं
सभी प्रधानों को सूचित कर चुनाव कराने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। घुमारवीं विकास खंड के प्रधान संघ के चुनाव को लेकर विवाद हो गया है। ग्राम पंचायत लंझता के प्रधान शशि पाल ने केवल 15 प्रधानों की मौजूदगी में ब्लॉक प्रधान का चुनाव करवाने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि विकास खंड में 63 पंचायत प्रधान हैं। ऐसे में इतने कम प्रधानों की मौजूदगी में चुनाव करवाना उचित नहीं है। उन्होंने चुनाव का बहिष्कार करने की घोषणा की है। शशि पाल ने कहा कि प्रधानों को आंबेडकर भवन घुमारवीं में पंचायतों की समस्याओं पर चर्चा के लिए बुलाया गया था। बैठक में स्टाफ की कमी और ऑनलाइन हाजिरी जैसे मुद्दों पर चर्चा होनी थी, लेकिन अचानक ब्लॉक प्रधान का चुनाव करवा दिया गया।
उन्होंने मांग की कि सभी 63 पंचायत प्रधानों को सूचना देकर उनकी मौजूदगी में निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चुनाव करवाया जाए। उन्होंने कहा कि पंचायतों की समस्याओं को मजबूती से उठाने के लिए सभी प्रधानों की सहमति से मजबूत संघ का गठन जरूरी है।