संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। ग्राम पंचायत हीरापुर में सोमवार को नशामुक्त भारत अभियान के तहत नशा निवारण जागरूकता शिविर लगाया गया। इसमें युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव और इससे बचाव के उपाय बताए गए।
इस दौरान लोगों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग की शपथ दिलाई गई। पूर्व अध्यक्ष जिला विपणन समिति विवेक कुमार ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने साथियों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। एसएचओ नरेंद्र कुमार ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि नशीले पदार्थों के सेवन, कब्जे, खरीद-फरोख्त और तस्करी पर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने लोगों से नशे से संबंधित मामलों की सूचना पुलिस को देने की अपील की।
पूर्व जिला परिषद सदस्य प्रोमिला बसु ने कहा कि नशे के खिलाफ जन आंदोलन खड़ा करने की जरूरत है। नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।
स्वास्थ्य विभाग के कमल शर्मा ने नशे से होने वाले शारीरिक और मानसिक दुष्प्रभाव बताए। शिविर के दौरान एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया।