विश्व विख्यात तीर्थ स्थल श्री नयना देवी जी में लंगर लेते श्रद्धालु।
- फोटो : BILASPUR
श्री नयना देवी जी(बिलासपुर)। विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी मंतिदर में 633 दिन बाद लंगर सेवा फिर से शुरू हो गई है। मंदिर न्यास की ओर से संचालित लंगर सेवा सोमवार को श्रद्धालुओं के लिए खोल दी गई। अब कोविड नियमों के अनुसार लंगर व्यवस्था रोजाना चालू रहेगी। बैठकर किसी भी श्रद्धालु को लंगर नहीं खिलाया जाएगा।
गौरतलब है कि कोरोना काल के दौरान 19 मार्च 2020 को मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद होने के साथ ही लंगर सेवा भी बंद हो गई थी। लंगर सेवा बंद होने के कारण मंदिर पहुंचने वाले और शक्तिपीठ में रात्रि के समय ठहरने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। श्रद्धालुओं की संख्या में भी कमी भी दर्ज की गई।
अब रात्रि के समय में भी भक्तजन यहां पर रुकेंगे। जिससे यहां के कारोबारियों के कारोबार में भी वृद्धि होगी। लंगर सेवा के इंचार्ज विकास के अनुसार कल से लंगर गुफा के नजदीक स्टेडियम में वितरित किया जाएगा।
सामेवार दोपहर के समय माता जी को लगने वाला राजसी प्रसाद भी श्रद्धालुओं में आवंटित किया गया। उधर, एसडीएम नयना देवी राजकुमार के अनुसार गुफा के दर्शन फिलहाल बंद रहेंगे। कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार ही लंगर व्यवस्था चालू की जाएगी।