ट्रैक्टर के के नीचे दब कर घायल हुआ मजदूर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सदर थाना के अंतर्गत चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पड़गल के पास टारिंग का काम रहा मजदूर ट्रैक्टर के टायर के नीचे आकर घायल हो गया। उसका आईजीएमसी शिमला में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में अजय कुमार निवासी गांव भुना जिला फतेहाबाद हरियाणा ने बताया कि एक सड़क निर्माण कंपनी में बतौर ट्रैक्टर चालक का काम करता है। वीरवार को कंपनी का टारिंग का काम गांव पड़गल में चल रहा था। इसी बीच काम में लगे एक अन्य ट्रैक्टर के चालक ने ट्रैक्टर को सड़क पर खड़ा किया और खुद कहीं चला गया। इसी ट्रैक्टर के साथ अहमद अली पुत्र मोहम्मद कफीलउद्दीन निवासी गांव धनगामा तहसील पलासी जिला अररियां बिहार तारकोल की टंकी के पंप को चलाने का काम कर रहा था। चालक की गैरमौजूदगी में वह ट्रैक्टर के बड़े टायर के आगे खड़ा हो गया और ट्रैक्टर का सेल्फ दबा दिया, जिस कारण ट्रैक्टर झटके के साथ आगे बढ़ गया। टायर की टक्कर लगने से अहमद अली सड़क पर गिर गया और टायर उसके पेट पर चढ़ गया। अन्य मजदूरों ने ट्रैक्टर को आगे किया और घायल अहमद अली को बाहर निकाला। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की पुष्टि डीएसपी मुख्यालय राजकुमार ने की है।