कोठीपुरा स्कूल में विजेता टीम को सम्मानित करते मुख्यातिथि। स्रोत: स्कूल प्रबंधन
कोठीपुरा में अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता में 265 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
संवाद न्यज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठीपुरा में आयोजित अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का समापन समारोह शुक्रवार को हुआ। समारोह में पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। विद्यालय की प्रधानाचार्य कमलेश कुमारी ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। प्रतियोगिता में 16 स्कूलों के 265 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के वॉलीबाल मुकाबले में मेजबान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठीपुरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। नम्होल की टीम उपविजेता रही। कबड्डी में स्वारघाट की टीम ने बाजी मारी, जबकि नम्होल की टीम को उपविजेता से संतोष करना पड़ा। खो-खो प्रतियोगिता में भी स्वारघाट की टीम विजेता रही। दयोथ की टीम ने उपविजेता का स्थान हासिल किया। बैडमिंटन में जकातखाना की टीम ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि छड़ोल की टीम उपविजेता रही। मुख्यातिथि रामलाल ठाकुर ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों से खेलों में निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।