- मनसा राम की दुकान पर लिया जलेबी और पकौड़ी का आनंद
-बार संघ ने सहयोग के लिए जताया नड्डा का आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में मंत्री बनने के बाद पहली बार बिलासपुर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा अपने पुराने मित्रों से मिले और यादों को ताजा किया। जनसभा को संबोधित करने के बाद जेपी नड्डा ने राैड़ा सेक्टर स्थित मनसा राम की दुकान पर मित्रों के साथ जलेबी और पकौड़ी का आनंद लिया।
इस दौरान उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन की बातों को याद किया। साथ ही उन्होंने बिहार में पढ़ाई के दौरान हुई घटनाओं के बारे में भी दोस्तों के साथ बातचीत की। करीब आधा घंटा तक उन्होंने यहां पर बातचीत की। उन्होंने उन सभी मित्रों को याद किया जो छात्र राजनीति से उनके साथ रहे। उन्होंने कहा कि जब भी वह छुट्टियों में यहां आते थे तो पुराने मित्रों के साथ खूब आनंद करते थे। इस मौके पर उनके साथ सांसद अनुराग ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित अन्य भाजपा विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद नड्डा बार संघ बिलासपुर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। वहां पर अधिवक्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। बार संघ के भवन निर्माण में सहयोग देने के लिए जेपी नड्डा का आभार जताया। इस दौरान उन्होंने बार संघ के पदाधिकारियों से विभिन्न मुद्दों पर बात की साथ ही भविष्य में सहयोग की उम्मीद जताई। इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान, विधायक त्रिलोक जमवाल, रणधीर शर्मा सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।